देश में कोरोना संक्रमण की नई लहर चिंता बढ़ा रही है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के कोविड डैशबोर्ड के अनुसार, गुरुवार को सक्रिय कोविड मामले 4866 थे, जो शुक्रवार को बढ़कर 5364 हो गए हैं। केरल सबसे अधिक प्रभावित राज्य बना हुआ है, जहां 1679 सक्रिय मामले हैं। इसके बाद गुजरात में 615, पश्चिम बंगाल में 596 और दिल्ली में 592 सक्रिय मामले दर्ज किए गए हैं।
22 मई को सक्रिय मामलों की संख्या केवल 275 थी, जो अब 15 दिन में लगभग 20 गुना बढ़ गई है। देश में कोरोना के सक्रिय मामले 5000 के पार पहुंच गए हैं।
केंद्र सरकार ने इस बढ़ोतरी को देखते हुए सभी राज्यों को आवश्यक संसाधन जैसे ऑक्सीजन, आइसोलेशन बेड, वेंटिलेटर और दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही कोविड संक्रमण की निगरानी के लिए मॉक ड्रिल भी कराई जा रही है।
पिछले 24 घंटे में देश में चार नई मौतें दर्ज हुई हैं, जबकि जनवरी 2025 से अब तक कुल 55 मौतें हुई हैं। ज्यादातर मामलों में लक्षण हल्के हैं और अधिकांश संक्रमित लोग घर पर ही आइसोलेट होकर उपचार प्राप्त कर सकते हैं।
- Advertisement -
2 और 3 जून को स्वास्थ्य सेवा महानिदेशक डॉ. सुनीता शर्मा की अध्यक्षता में विभिन्न केंद्रीय और राज्य स्तरीय एजेंसियों की तकनीकी समीक्षा बैठकें आयोजित की गईं, जिनमें वर्तमान कोरोना स्थिति और तैयारियों का आकलन किया गया।
आईडीएसपी के तहत राज्य और जिला निगरानी इकाइयां इन्फ्लूएंजा जैसी बीमारियों (ILI) और गंभीर तीव्र श्वसन बीमारी (SARI) पर कड़ी निगरानी रख रही हैं। दिशानिर्देशों के अनुसार, सभी SARI मामलों और 5 प्रतिशत ILI मामलों की जांच की जाती है। सकारात्मक नमूनों को जीनोम अनुक्रमण के लिए ICMR के VRDL नेटवर्क को भेजा जा रहा है ताकि कोरोना वायरस के किसी भी नए स्वरूप की पहचान हो सके।
