बीकानेर शहर में बढ़ती आपराधिक घटनाओं के बीच एक और मामला सामने आया है। इस बार बदमाशों ने चोरी या लूटपाट के बजाय दुकानदार को चकमा देकर हजारों रुपये का सामान लेकर फरार होने की वारदात को अंजाम दिया। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है।
जानकारी के अनुसार रविवार को मुरलीधर रोड स्थित विवेक बाल स्कूल के पास आचार्य स्टोर पर दो युवक पहुंचे। दोनों युवकों ने दुकान से विभिन्न प्रकार का सामान खरीदा और दुकानदार से करीब 12,450 रुपये का माल पैक करवा लिया। बताया जा रहा है कि सामान लेने के बाद दोनों युवक भुगतान करने की बात कहकर कुछ देर तक दुकान पर रुके रहे।
दुकानदार के अनुसार दोनों युवक मौके का फायदा उठाकर बिना भुगतान किए चुपचाप वहां से निकल गए। जब तक दुकानदार को इसकी भनक लगी, तब तक दोनों आरोपी फरार हो चुके थे।
घटना के बाद दुकान संचालक योगेश्वर आचार्य ने तुरंत नयाशहर थाने में शिकायत दर्ज करवाई। उन्होंने पुलिस को बताया कि दोनों युवक योजनाबद्ध तरीके से सामान लेकर फरार हुए हैं। घटना की पूरी रिकॉर्डिंग दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
- Advertisement -
दुकानदार ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि ऐसे मामलों पर समय रहते अंकुश लगाना जरूरी है, ताकि भविष्य में अन्य व्यापारियों के साथ इस प्रकार की घटनाएं न हों।
पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही उनकी पहचान होने की संभावना जताई जा रही है।
