बीकानेर जिले के श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में स्थित खेजड़ी बालाजी मंदिर एक बार फिर चोरों के निशाने पर आ गया। अज्ञात चोरों ने शनिवार रात मंदिर के ताले तोड़कर दर्जनों चांदी के छतर चोरी कर लिए। हैरानी की बात यह है कि इसी मंदिर परिसर में कुछ दिन पहले भी चोरी की वारदात हुई थी, लेकिन आरोपियों का अब तक कोई सुराग नहीं लग पाया है।
जानकारी के अनुसार गांव बिग्गा में पुष्करणा बास के आगे स्थित खेजड़ी बालाजी मंदिर में शनिवार देर रात चोरों ने ताले तोड़कर मंदिर में प्रवेश किया। इसके बाद मंदिर में रखे करीब दो दर्जन चांदी के छतर चोरी कर फरार हो गए। चोरी की जानकारी रविवार सुबह मंदिर से जुड़े लोगों को मिली।
बताया जा रहा है कि इसी परिसर में बने दूसरे बालाजी थान में 9 जून को भी चोरी की घटना हुई थी। उस समय अज्ञात चोर करीब 16 चांदी के छतर चोरी कर ले गए थे। लगातार दूसरी बार हुई चोरी से ग्रामीणों और श्रद्धालुओं में रोष व्याप्त है।
मंदिर के पुजारी सुगनदास स्वामी ने घटना की जानकारी मंदिर प्रशासक जसवीर सारण और अन्य ग्रामीणों को दी। सूचना मिलते ही ग्रामीण और मंदिर समिति के सदस्य मौके पर पहुंचे तथा मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू की।
- Advertisement -
जसवीर सारण ने पुलिस को मामले की सूचना दी, जिसके बाद एएसआई सुरेंद्र कुमार चौधरी पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के क्षेत्र में पूछताछ भी की।
पुलिस के अनुसार मंदिर में लगे सीसीटीवी सिस्टम का पासवर्ड लॉक होने के कारण हालिया चोरी की फुटेज तुरंत प्राप्त नहीं हो सकी है। तकनीकी टीम की मदद से फुटेज निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं 9 जून को हुई चोरी की पुरानी सीसीटीवी रिकॉर्डिंग में एक नकाबपोश व्यक्ति मंदिर का ताला तोड़कर चोरी करते हुए दिखाई दिया था।
पुलिस का कहना है कि पुराने और नए दोनों मामलों की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने के प्रयास जारी हैं। ग्रामीणों ने मंदिरों की सुरक्षा बढ़ाने और जल्द से जल्द चोरों की गिरफ्तारी की मांग की है।
