बीकानेरवासियों के लिए रविवार का दिन ऐतिहासिक रहा, जब केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव और केंद्रीय विधि एवं न्याय एवं संसदीय कार्य राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने बीकानेर रेलवे स्टेशन से नई बीकानेर-लालगढ़-अहमदाबाद (साबरमती) एक्सप्रेस रेल सेवा का शुभारंभ किया। दोनों केंद्रीय मंत्रियों ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया।
इस अवसर पर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि केंद्र सरकार राजस्थान के सीमावर्ती जिलों को मजबूत रेल नेटवर्क से जोड़ने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि बीकानेर, जैसलमेर, श्रीगंगानगर और बाड़मेर के अनेक गांवों को रेलवे सुविधाओं से जोड़ने की योजना पर काम चल रहा है तथा इसके लिए विभिन्न प्रक्रियाएं और डीपीआर तैयार की जा रही हैं।
रेल मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर के 1300 रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है। बीकानेर रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास के लिए जून माह में पुनः टेंडर जारी किया जाएगा। उन्होंने बताया कि आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित रेलवे स्टेशन पर्यटन और यात्री सुविधाओं को नई पहचान दे रहे हैं।
वैष्णव ने जानकारी दी कि लालगढ़ से बीकानेर रेलवे स्टेशन तक रेल लाइन के दोहरीकरण की योजना भी बनाई गई है। इसके अलावा नाल से पलाना तक रेलवे बाईपास निर्माण प्रस्तावित है, जिससे मालगाड़ियों का शहर के भीतर आवागमन कम होगा और यातायात के साथ-साथ प्रदूषण की समस्या में भी राहत मिलेगी।
- Advertisement -
उन्होंने बताया कि राजस्थान में वर्तमान में लगभग 76 हजार करोड़ रुपये के रेल विकास कार्य प्रगति पर हैं। वहीं प्रदेश को इस वर्ष रेलवे विकास के लिए 10,228 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया गया है। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में रेलवे के बुनियादी ढांचे में बड़े बदलाव देखने को मिलेंगे।
केंद्रीय राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने इस अवसर को बीकानेर के लिए ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि अहमदाबाद तक सीधी रेल सेवा शुरू होने से हजारों यात्रियों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और नौकरीपेशा लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने बीकानेर-दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस के संचालन के लिए भी रेल मंत्री का आभार व्यक्त किया।
मेघवाल ने कहा कि कोर्ट गेट रेलवे फाटक और सांखला रेलवे फाटक जैसी लंबे समय से लंबित समस्याओं के समाधान की दिशा में भी तेजी से काम हो रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि रेलवे से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट जल्द धरातल पर दिखाई देंगे।
यात्रियों को मिलेगा सीधा और सुविधाजनक रेल संपर्क
नई बीकानेर-लालगढ़-अहमदाबाद (साबरमती) एक्सप्रेस लगभग 740 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। यह ट्रेन राजस्थान और गुजरात के बीच सीधा, तेज और सुविधाजनक रेल संपर्क प्रदान करेगी। इससे दोनों राज्यों के बीच व्यापार, पर्यटन और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को नई गति मिलेगी।
यह ट्रेन साबरमती, महेसाणा, पाटन, भीलड़ी, धानेरा, रानीवाड़ा, भीनमाल, जालौर, मोकलसर, समदड़ी, लूणी, जोधपुर, गोटन, मेड़ता रोड, नागौर, नोखा, बीकानेर और लालगढ़ सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव करेगी।
नई रेल सेवा शुरू होने से गुजरात के अहमदाबाद, महेसाणा, पाटन और बनासकांठा जिलों के साथ राजस्थान के जालौर, बालोतरा, जोधपुर, नागौर और बीकानेर के यात्रियों को विशेष सुविधा मिलेगी। इससे पर्यटन स्थलों तक पहुंच आसान होगी और क्षेत्रीय विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।
कार्यक्रम में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा, बीकानेर पूर्व विधायक सिद्धि कुमारी, खाजूवाला विधायक डॉ. विश्वनाथ मेघवाल, बीकानेर पश्चिम विधायक जेठानंद व्यास, श्रीडूंगरगढ़ विधायक ताराचंद सारस्वत, उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक अमिताभ, मंडल रेल प्रबंधक गौरव गोविल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, रेलवे अधिकारी और आमजन मौजूद रहे।
