जयपुर: राजधानी जयपुर के जगतपुरा स्थित महल रोड पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के काफिले में हुए हादसे ने राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी है। राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के अध्यक्ष और नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने इस घटना को इंटेलिजेंस और सुरक्षा तंत्र की बड़ी विफलता बताया।
हनुमान बेनीवाल के बयान
हनुमान बेनीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए लिखा,
“जयपुर में मुख्यमंत्री के काफिले में वाहन दुर्घटना से पुलिस सहायक उप-निरीक्षक सुरेंद्र का निधन और कुछ पुलिसकर्मियों के घायल होने की घटना अत्यंत दुःखद है। मेरी संवेदनाएं शोक-संतप्त परिवार के साथ हैं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति और घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।”
उन्होंने इस हादसे को गंभीर मामला बताते हुए मुख्यमंत्री सुरक्षा में तैनात आईजी स्तर के अधिकारी और राज्य की इंटेलिजेंस की जिम्मेदारी पर सवाल उठाए।
कार्यवाही और जांच की मांग
बेनीवाल ने मांग की कि मुख्यमंत्री की सुरक्षा के लिए तैनात अधिकारियों पर तत्काल कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि
“गलत दिशा में आए वाहन से इतना बड़ा हादसा मुख्यमंत्री सुरक्षा में तैनात आईजी और राज्य की इंटेलिजेंस की चूक को दर्शाता है। इस मामले में उच्च स्तरीय जांच की जरूरत है।”
- Advertisement -
डोटासरा की प्रतिक्रिया
पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा ने भी घटना को दु:खद बताते हुए घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। उन्होंने कहा कि,
“इस हादसे की उच्च अधिकारी से जांच होनी चाहिए। ईश्वर की कृपा से मुख्यमंत्री सुरक्षित हैं, लेकिन यह घटना गंभीर चिंतन का विषय है।”
