बीते दिनों गैंगस्टर रोहित गोदारा के नाम से किशनगढ़ में एक व्यापारी से फिरौती मांगने का मामला सामने आया है। इस संबंध में व्यापारी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें उसने बताया कि रोहित गोदारा नाम के व्यक्ति ने फिरौती मांगी और नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।
दूसरी ओर, बीकानेर पुलिस ने रविवार अलसुबह रोहित गोदारा के फॉलोवर्स के घरों पर सघन छापेमारी की। जानकारी के अनुसार, पुलिस ने रोहित के फॉलोवर्स के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 30 टीमों को जिलेभर में तैनात किया। पुलिस ने 26 फॉलोवर्स को चिन्हित किया था और सुबह करीब पांच बजे छापेमारी शुरू की। इसमें से 10 फॉलोवर्स अपने घरों पर मौजूद पाए गए, जिन्हें पुलिस ने पाबंद किया।
जिन फॉलोवर्स के घरों पर वे मौजूद नहीं थे, उनके परिजनों को पुलिस ने हिदायत दी कि लौटने पर पुलिस को सूचित करें। पुलिस को आशंका है कि ये फॉलोवर्स किसी संभावित वारदात में शामिल हो सकते हैं, जिसके चलते यह कड़ा कदम उठाया गया है।
