राजस्थान के अनूपगढ़ में शनिवार को नेशनल हाईवे पर रोडवेज बस और ट्रक के बीच हुई भीषण टक्कर में करीब 10 लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और राहगीरों की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार शुरू किया गया।
जानकारी के अनुसार अनूपगढ़ डिपो की रोडवेज बस अनूपगढ़ की ओर जा रही थी, जबकि ट्रक घड़साना पुल से उतरकर रायसिंहनगर की दिशा में जा रहा था। इसी दौरान दोनों वाहन आमने-सामने टकरा गए। टक्कर इतनी तेज थी कि बस और ट्रक के अगले हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
हादसे में ट्रक चालक राजूराम पुत्र कुंभाराम निवासी बीकानेर गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बीकानेर रेफर कर दिया।
इसके अलावा रामकुमार, कविता और अन्य कई यात्रियों को भी चोटें आईं। कुछ घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर भेजा गया, जबकि कुछ को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। हादसे में घायल 9 वर्षीय बच्ची रमन को मामूली चोटें आने के कारण उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
- Advertisement -
घटना में महेंद्र, अंजू, मुनीराम, शिव प्रकाश, रोशनी और बनवारी सहित कई अन्य लोग भी घायल हुए। सभी का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज किया गया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
