मणिपुर में सीआरपीएफ की बड़ी कार्रवाई में 11 उग्रवादियों को मुठभेड़ के दौरान मार गिराया गया है। यह मुठभेड़ जिरीबाम जिले में हुई, जिसमें सीआरपीएफ का एक जवान भी घायल हुआ, जिसे इलाज के लिए एयरलिफ्ट कर अस्पताल भेजा गया है। सीआरपीएफ के सूत्रों के मुताबिक, उग्रवादियों ने सीआरपीएफ की टीम पर अचानक हमला किया था, जिसके जवाब में यह मुठभेड़ हुई।
मणिपुर में हाल के दिनों में सुरक्षा बलों की कार्रवाई लगातार जारी है। पहाड़ी और घाटी जिलों में पिछले तीन दिनों में तलाशी अभियानों के दौरान बड़ी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और आईईडी बरामद हुए हैं। असम राइफल्स और मणिपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने चुराचांदपुर जिले के जंगलों में एक .303 राइफल, दो नौ एमएम पिस्तौल, छह 12 सिंगल बैरल राइफल, एक .22 राइफल, गोला-बारूद सहित अन्य युद्ध सामग्री जब्त की है।
एक अन्य अभियान में कांगपोकपी जिले में सुरक्षा बलों ने 5.56 मिमी इंसास राइफल, एक .303 राइफल, दो एसबीबीएल बंदूकें, दो 0.22 पिस्तौल, इम्प्रोवाइज्ड प्रोजेक्टाइल लॉन्चर, ग्रेनेड और गोला-बारूद बरामद किए। इसके अलावा, काकचिंग जिले में एक खुफिया-आधारित अभियान के दौरान असम राइफल्स, मणिपुर पुलिस और बीएसएफ की संयुक्त टीम ने हथियार और गोला-बारूद बरामद किए।
गौरतलब है कि मई 2023 से इंफाल घाटी के मैतेई और पहाड़ी इलाकों में कुकी समुदाय के बीच जातीय हिंसा जारी है, जिसमें 200 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है और हजारों लोग बेघर हो चुके हैं।
