नेशनल कॉन्फ्रेंस (एनसी) के नवनिर्वाचित विधायकों की बैठक आज सुबह पार्टी मुख्यालय में आयोजित की गई, जिसमें पार्टी के वरिष्ठ नेता फारूक अब्दुल्ला, उमर अब्दुल्ला और सभी प्रमुख विधायकों की उपस्थिति रही। इस बैठक में सर्वसम्मति से उमर अब्दुल्ला को विधायक दल का नेता चुना गया। श्रीगुफवारा बिजबेहरा से विधायक बशीर वीरी ने इसकी जानकारी दी, जबकि सलमान सागर ने कहा कि उमर अब्दुल्ला को मुख्यमंत्री पद के लिए नामित करना हमारे लिए एक भावनात्मक क्षण था।
बैठक से पहले, कुछ नेताओं ने मीडिया से बातचीत की। तनवीर सादिक ने कहा, “हम अपने वादों पर कायम रहेंगे, और उमर अब्दुल्ला से बेहतर नेतृत्व जम्मू-कश्मीर के लिए कोई और नहीं हो सकता।” हसनैन मसूदी ने यह भी कहा कि सरकार बनने के साथ ही हम अनुच्छेद-370 की बहाली पर काम शुरू करेंगे और एनसी अपने घोषणापत्र में किए गए सभी वादों को पूरा करेगी।
फारूक अहमद शाह ने कहा, “लोगों ने एनसी पर जो विश्वास दिखाया है, हम उस पर खरा उतरने के लिए प्रतिबद्ध हैं। जम्मू-कश्मीर को एक मजबूत और प्रभावी सरकार की जरूरत है, और हम अनुच्छेद-370 की बहाली के लिए भी संघर्ष करेंगे।” सुरिंदर चौधरी ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि जम्मू-कश्मीर के लोगों ने उनके खिलाफ वोट करके 2019 के फैसले को खारिज कर दिया है।
शमीमा फिरदौस ने कहा, “एनसी में लोगों ने जो विश्वास जताया है, वह हमें उनकी उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए प्रेरित करता है।” बैठक में अल्ताफ कलू, बशीर वीरी, मुश्ताक गुरु, अर्जुन सिंह राजू, जावेद मिरचाल, सजाद शाहीन और सैफुल्ला मीर जैसे प्रमुख नेता भी मौजूद थे।
- Advertisement -
आज की बैठक में महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए, जिनमें पार्टी की प्राथमिकताएं अनुच्छेद-370 की बहाली और राज्य के लोगों के हितों के लिए ठोस कदम उठाना शामिल हैं।
