बीकानेर। नोखा क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक के पहिए में ओढ़नी फंस जाने से 24 वर्षीय विवाहिता की मौत हो गई। हादसे के समय महिला अपने पति और चार वर्षीय बेटे के साथ बाइक पर सवार होकर नोखा जा रही थी।
पुलिस के अनुसार, दासनु निवासी पिंकी देवी अपने पति सुरेंद्र सिंह और बेटे के साथ बाइक से यात्रा कर रही थीं। दासनु गांव के पास अचानक उनकी ओढ़नी बाइक के पिछले पहिए में उलझ गई, जिससे बाइक असंतुलित हो गई और पिंकी देवी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से उन्हें तुरंत बागड़ी जिला अस्पताल ले जाया गया। हालांकि अत्यधिक रक्तस्राव होने के कारण चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही नोखा पुलिस अस्पताल पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। मामले की जांच जारी है।
