नई दिल्ली। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने गुरुवार देर रात NEET UG 2026 का परिणाम घोषित कर दिया। परीक्षा में 11.21 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने मेडिकल, डेंटल, आयुष और अन्य मेडिकल पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए क्वालिफाई किया है। अभ्यर्थी अपना स्कोरकार्ड neet.nta.nic.in पर जाकर देख सकते हैं।
इस वर्ष पंजाब के आर्यन गुप्ता और हरियाणा के पांशुल बंसल ने 720 में से 715 अंक हासिल कर संयुक्त रूप से ऑल इंडिया प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं बिहार के आयुष ने चौथी रैंक हासिल की। पांशुल और आयुष ने कोटा में रहकर परीक्षा की तैयारी की थी।
राजस्थान के छात्रों ने भी शानदार प्रदर्शन किया। उपलक्ष्य गोयल ने 714 अंकों के साथ ऑल इंडिया तीसरी रैंक, जबकि गौरव सिंह ने 712 अंकों के साथ नौवीं रैंक हासिल कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया।
एनटीए ने फाइनल आंसर-की जारी करने के कुछ ही मिनट बाद परिणाम भी घोषित कर दिया। परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों में छात्राओं की भागीदारी उल्लेखनीय रही और बड़ी संख्या में बेटियों ने सफलता हासिल की।
