बीकानेर। नापासर थाना पुलिस ने नव नियुक्त थानाधिकारी कविता पुनिया के नेतृत्व में लगातार दूसरे दिन बड़ी कार्रवाई करते हुए पोक्सो एक्ट के एक मामले में फरार चल रहे पांच हजार रुपये के इनामी नाबालिग आरोपी को निरुद्ध कर लिया। इससे एक दिन पहले इसी प्रकरण में पुलिस ने पांच हजार रुपये के इनामी एक अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार किया था।
पुलिस के अनुसार, थाना नापासर में दर्ज मुकदमा संख्या 189/2025 में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137(2), 96, 70(2) तथा पोक्सो एक्ट की धारा 5(जी)/6 के तहत मामला दर्ज है। प्रकरण में नामजद नाबालिग आरोपी लंबे समय से फरार था, जिसके विरुद्ध जिला पुलिस अधीक्षक द्वारा पांच हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को निरुद्ध कर लिया और उसके विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई में हेड कांस्टेबल रिखबदास की विशेष भूमिका रही। उनकी सतर्कता और लगातार प्रयासों से पुलिस को यह सफलता मिली।
- Advertisement -
थानाधिकारी कविता पुनिया ने बताया कि क्षेत्र में फरार और इनामी आरोपियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा कानून से बचने का प्रयास करने वाले आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
