बीकानेर। राजस्थान विधानसभा के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विधानसभा सचिवालय की ओर से आयोजित अमृत महोत्सव समारोह में बीकानेर के दो वरिष्ठ नेताओं, पूर्व मंत्री देवीसिंह भाटी और डॉ. बी.डी. कल्ला को उनके लंबे और उल्लेखनीय विधायी योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान भारत के उपराष्ट्रपति के हाथों प्रदान किया जाएगा।
डॉ. बी.डी. कल्ला राज्य के उन वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों में शामिल हैं, जिन्हें पांच दशक से अधिक का विधायी अनुभव प्राप्त है। विधानसभा में उत्कृष्ट संसदीय योगदान के लिए उन्हें कई बार सर्वश्रेष्ठ विधायक के सम्मान से भी नवाजा जा चुका है। अमृत महोत्सव के दौरान पिछले 75 वर्षों में पारित 23 महत्वपूर्ण विधेयकों पर वरिष्ठ एवं पूर्व विधायकों को अपने विचार रखने का अवसर दिया जाएगा। इस क्रम में डॉ. कल्ला राजस्थान अनिवार्य शिक्षा अधिनियम, 1964 विषय पर अपने विचार व्यक्त करेंगे।
वहीं, पूर्व मंत्री देवीसिंह भाटी को भी सात बार विधायक रहने और विधानसभा में सक्रिय एवं प्रभावी भूमिका निभाने के लिए वरिष्ठ विधायक के रूप में सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान वे समसामयिक विषयों पर भी अपने विचार साझा करेंगे।
बीकानेर के लिए यह अवसर विशेष गौरव का विषय माना जा रहा है, क्योंकि जिले के दो वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों को राज्य स्तर के इस प्रतिष्ठित समारोह में सम्मानित किया जाएगा।
