बीकानेर। तेरापंथ महिला मंडल, गंगाशहर के तत्वावधान में 17 से 19 जुलाई तक स्थानीय तेरापंथ भवन में तीन दिवसीय ‘श्री उत्सव’ का आयोजन किया जाएगा। आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं और महिला मंडल की पूरी टीम इसे सफल बनाने में जुटी हुई है।
उत्सव की तैयारियों के क्रम में मंडल की अध्यक्ष, मंत्री एवं कार्यकारिणी सदस्यों ने केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर मेघवाल ने ‘श्री उत्सव’ के आधिकारिक पोस्टर का विमोचन किया। महिला मंडल की ओर से उन्हें मेले एवं प्रदर्शनी के उद्देश्य की जानकारी देते हुए समारोह में शामिल होने का आमंत्रण भी दिया गया। केंद्रीय मंत्री ने महिला मंडल के इस प्रयास की सराहना करते हुए आयोजन की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।
महिला मंडल की ओर से बताया गया कि तीनों दिन सुबह 10 बजे से रात 9 बजे तक मेले का आयोजन होगा। उत्सव में गृह उद्योग, हस्तशिल्प, महिला उद्यमिता और विभिन्न रचनात्मक उत्पादों से जुड़े आकर्षक स्टॉल लगाए जाएंगे। आयोजन का उद्देश्य महिलाओं के हुनर को मंच प्रदान करना और स्वावलंबन को बढ़ावा देना है।
आयोजन की तैयारियों में मंडल की अध्यक्ष प्रेम बोथरा, मंत्री रेखा चौरड़िया, संरक्षिका शारदा डागा तथा संयोजक मीनाक्षी आंचलिया सहित पूरी कार्यकारिणी सक्रिय रूप से जुटी हुई है।
- Advertisement -
महिला मंडल ने गंगाशहर एवं आसपास के क्षेत्र के नागरिकों, मातृशक्ति और समाज के सभी वर्गों से ‘श्री उत्सव’ में पहुंचकर आयोजन को सफल बनाने तथा महिला प्रतिभाओं का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।
