बीकानेर। नोखा थाना क्षेत्र में पटवारी भर्ती परीक्षा में डमी अभ्यर्थी बैठाकर चयन हासिल करने के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन में साइबर सेल की तकनीकी सहायता से की गई।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी दिनेश पुत्र तुलछाराम बिश्नोई (34) निवासी भद्रूणा, थाना झाब, जिला जालौर है, जो वर्तमान में निलंबित पटवारी है। आरोपी स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी), जयपुर में दर्ज एफआईआर संख्या 71/2024 में वांछित था। उस पर पटवारी भर्ती परीक्षा में डमी अभ्यर्थी बैठाकर परीक्षा पास करने का आरोप है और घटना के बाद से वह फरार चल रहा था।
पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी नोखा कस्बे में मौजूद है। इसके बाद साइबर सेल की मदद से उसकी लोकेशन ट्रेस की गई और पुलिस टीम ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
प्रारंभिक पूछताछ के बाद आरोपी को आगे की जांच के लिए एसओजी जयपुर की टीम के सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस के अनुसार मामले की विस्तृत जांच एसओजी द्वारा की जा रही है।
