बीकानेर के लूणकरणसर क्षेत्र में गैंगस्टर रोहित गोदारा उर्फ रोहित स्वामी के मकान के देर रात अचानक जमींदोज होने की घटना से इलाके में हलचल मच गई। मंगलवार सुबह जैसे ही लोगों को इसकी जानकारी मिली, मौके पर भीड़ जुट गई और पूरे क्षेत्र में चर्चाओं का माहौल बन गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, देर रात मकान गिराए जाने की सूचना मिली थी। हालांकि, यह कार्रवाई किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे कौन लोग शामिल थे, इसका अभी तक कोई स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है। घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं और अटकलें लगाई जा रही हैं, लेकिन किसी भी दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
प्रशासन ने इस मामले में अपनी किसी भी प्रकार की भूमिका से इनकार किया है। प्रशासन के इस बयान के बाद पूरे घटनाक्रम को लेकर रहस्य और गहरा गया है। फिलहाल पुलिस और संबंधित एजेंसियां मामले की जांच में जुटी हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना की पड़ताल की जा रही है। मकान गिराने के पीछे की वजह और जिम्मेदार लोगों का पता लगाने के प्रयास जारी हैं।
