बीकानेर शहर में चोरी की वारदातों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। पिछले एक सप्ताह के दौरान शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में आधा दर्जन से अधिक चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। लगातार बढ़ रही वारदातों के बीच अब व्यापारी और आमजन पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाने लगे हैं।
ताजा मामला सोनगिरी कुआं क्षेत्र का है, जहां देर रात चोरों ने हनुमान जी भुजिया वाले की दुकान को निशाना बनाया। बदमाश दुकान का ताला तोड़कर अंदर घुसे और वहां रखी नकदी सहित अन्य सामान चोरी कर फरार हो गए।
कुछ ही मिनटों में दिया वारदात को अंजाम
जानकारी के अनुसार, देर रात दो युवक दुकान के बाहर पहुंचे और कुछ ही मिनटों में ताला तोड़कर दुकान के अंदर प्रवेश कर गए। इसके बाद उन्होंने दुकान में रखी नकदी और अन्य कीमती सामान समेटा और मौके से फरार हो गए। पूरी वारदात इतनी तेजी से हुई कि आसपास किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी।
सीसीटीवी फुटेज में कैद हुए बदमाश
दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में चोरी की पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में दोनों आरोपी बेखौफ होकर चोरी करते दिखाई दे रहे हैं। सुबह जब दुकान संचालक दुकान पर पहुंचा तो टूटे हुए ताले और बिखरा सामान देखकर चोरी का पता चला।
- Advertisement -
घटना की सूचना मिलने के बाद आसपास के व्यापारियों में भी नाराजगी देखने को मिली। उनका कहना है कि लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से व्यापारियों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान और तलाश शुरू कर दी है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
