बीकानेर में होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान (बीकानेर संभाग) की नवगठित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह शनिवार देर शाम कपिल धारा होटल में आयोजित हुआ। केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने नई कार्यकारिणी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। समारोह के दौरान पर्यटन और आतिथ्य क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं को बीकानेर टूरिज्म एक्सीलेंस अवॉर्ड्स से भी सम्मानित किया गया।
नई कार्यकारिणी में कुशल पारीक को अध्यक्ष, वसुंधरा भाटी को उपाध्यक्ष, शैलेन्द्र सिंह शेखावत को महासचिव, गोपाल अग्रवाल को संरक्षक और प्रदीप सारस्वत को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। अतिथियों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए बीकानेर संभाग के पर्यटन और होटल उद्योग को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की उम्मीद जताई।
बीकानेर में पर्यटन की अपार संभावनाएं: अर्जुनराम मेघवाल
मुख्य अतिथि अर्जुनराम मेघवाल ने कहा कि बीकानेर में डेजर्ट टूरिज्म, बॉर्डर टूरिज्म, हेरिटेज टूरिज्म और नाइट टूरिज्म को विकसित करने की व्यापक संभावनाएं हैं। उन्होंने बताया कि खाजूवाला और श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के रेतीले धोरे देश-विदेश के पर्यटकों के लिए बड़ा आकर्षण बन सकते हैं।
उन्होंने कहा कि हाल ही में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी सांचू दौरे के दौरान बॉर्डर टूरिज्म को बढ़ावा देने पर जोर दिया था। यदि योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जाए तो पर्यटन के साथ होटल उद्योग, स्थानीय व्यापार और रोजगार को भी नई गति मिलेगी।
- Advertisement -
‘एक हजार हवेलियों का शहर’ है बीकानेर
केंद्रीय मंत्री ने बीकानेर को “एक हजार हवेलियों का शहर” बताते हुए कहा कि यहां की ऐतिहासिक धरोहर देशभर में अपनी अलग पहचान रखती है। उन्होंने हेरिटेज संरक्षण, नाइट टूरिज्म, बॉर्डर टूरिज्म और मेडिटेशन सेंटर जैसी परियोजनाओं के लिए विस्तृत डीपीआर तैयार कर केंद्र सरकार को भेजने का सुझाव दिया और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
पर्यटन विकास से बढ़ेंगे रोजगार के अवसर
समारोह में उपमुख्यमंत्री एवं पर्यटन मंत्री दिया कुमारी का वीडियो संदेश भी प्रसारित किया गया। खाजूवाला विधायक डॉ. विश्वनाथ मेघवाल ने कहा कि राज्य सरकार पर्यटन विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। वहीं श्रीडूंगरगढ़ विधायक ताराचंद सारस्वत ने कहा कि पर्यटन के विस्तार से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
जिला कलेक्टर निशांत जैन ने कहा कि पर्यटन आज प्रदेश की अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार बन चुका है। बीकानेर अपनी संस्कृति, ऐतिहासिक धरोहर और विशिष्ट पहचान के कारण पर्यटन के क्षेत्र में बड़ी संभावनाएं रखता है। सभी संबंधित पक्ष मिलकर कार्य करें तो बीकानेर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर मजबूत पहचान बना सकता है।
10 साल के विजन प्लान पर दिया गया जोर
कार्यक्रम में होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान के अध्यक्ष एच. खान ने बीकानेर पर्यटन के लिए आगामी 10 वर्षों का विजन प्लान तैयार कर केंद्र सरकार के समक्ष प्रस्तुत करने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि शहर की विरासत, संस्कृति, रेगिस्तानी पर्यटन और राजस्थानी आतिथ्य को वैश्विक स्तर पर प्रभावी तरीके से प्रस्तुत करने की जरूरत है।
समारोह के अंत में होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान के सचिव सुरेन्द्र सिंह शाहपुरा ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बीकानेर को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन केंद्र बनाने के लिए सभी हितधारकों को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने कहा कि “जो दिखता है, वही बिकता है”, इसलिए अब बीकानेर की पर्यटन क्षमता को देश-दुनिया के सामने प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने का समय है।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, होटल व्यवसायियों, पर्यटन विशेषज्ञों और बड़ी संख्या में शहर के गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया।
