बीकानेर में बुधवार तड़के शहर के रानीबाजार ओवरब्रिज पर लूट की एक वारदात सामने आई है। रेलवे स्टेशन जा रहे एक सेवानिवृत्त बैंककर्मी को चार बदमाशों ने निशाना बनाकर उनका बैग लूट लिया। घटना की पूरी तस्वीर पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
जानकारी के अनुसार वल्लभ गार्डन निवासी सेवानिवृत्त बैंककर्मी सुशील कुमार मोदी सुबह करीब चार बजे रेलवे स्टेशन के लिए निकले थे। जैसे ही वे रानीबाजार ओवरब्रिज पर पहुंचे, बाइक पर सवार चार युवक उनके पास आए और अचानक लूटपाट शुरू कर दी।
पीड़ित के विरोध करने पर बदमाशों ने उनका मुंह दबा दिया, जिससे वह शोर नहीं मचा सके। इसके बाद आरोपी उनका बैग छीनकर मौके से फरार हो गए।
बताया जा रहा है कि बैग में करीब 21 हजार रुपये नकद और धार्मिक पुस्तकें रखी हुई थीं। घटना के बाद पीड़ित ने कोटगेट थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
- Advertisement -
पुलिस के अनुसार घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फुटेज में आरोपियों की गतिविधियां रिकॉर्ड होने से उनकी पहचान और गिरफ्तारी में मदद मिलने की उम्मीद है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शहर के व्यस्त मार्ग पर हुई इस वारदात ने एक बार फिर कानून व्यवस्था और आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
