बीकानेर। साइबर ठगी के एक बड़े मामले में अंतरराष्ट्रीय क्रिप्टो और फॉरेक्स निवेश गिरोह का खुलासा हुआ है। आरोप है कि दुबई से जुड़े इस नेटवर्क ने बीकानेर के कालासर निवासी एक व्यक्ति को ऊंचे मुनाफे का लालच देकर करीब 16 लाख रुपये की ठगी कर ली। मामले में पुलिस ने बीकानेर, जयपुर और झुंझुनूं के नौ स्थानीय एजेंटों सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, अनियमित जमा योजना प्रतिबंध अधिनियम तथा भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार कालासर निवासी गोपीराम जाट से कुछ लोगों ने संपर्क कर उन्हें गेमना पीर स्थित अपने कार्यालय बुलाया। वहां आरोपियों ने खुद को रूस की वेबसाइट XPO.ru से जुड़ा बताते हुए फॉरेक्स, सीएफडी और क्रिप्टोकरेंसी ट्रेडिंग में निवेश पर साप्ताहिक 4 से 5 प्रतिशत तथा मासिक 10 से 15 प्रतिशत तक गारंटीड मुनाफे का दावा किया। भरोसा दिलाने के लिए फर्जी निवेश रिकॉर्ड और उच्च रिटर्न के दस्तावेज भी दिखाए गए।
झांसे में आकर गोपीराम ने करीब 16 लाख रुपये निवेश कर दिए। बाद में जब उन्होंने अपनी रकम और मुनाफा वापस मांगा तो आरोपियों ने भुगतान करने से इनकार कर दिया। इसके बाद पीड़ित ने साइबर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि स्थानीय एजेंट सेमिनार, बैठकों और सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को निवेश के लिए प्रेरित करते थे। निवेशकों से एकत्र राशि को कथित तौर पर यूएसडीटी (USDT) जैसी क्रिप्टोकरेंसी में बदलकर दुबई और अन्य देशों में बैठे सरगनाओं तक पहुंचाया जाता था। बदले में स्थानीय प्रमोटरों को कमीशन दिया जाता था।
- Advertisement -
एफआईआर में जयपुर, झुंझुनूं और बीकानेर के नौ लोगों को नामजद किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और पूरे नेटवर्क की भूमिका तथा अन्य संभावित आरोपियों की भी पड़ताल की जा रही है।
