बीकानेर। न्यू रोशनी जन कल्याण सेवा संस्थान, बीकानेर की ओर से आयोजित तीन माह के ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली बालिकाओं और महिलाओं को प्रमाण-पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
समारोह की मुख्य अतिथि समाजसेवी डॉ. अर्पिता गुप्ता ने कहा कि वर्तमान समय में कौशल आधारित शिक्षा आत्मनिर्भरता का मजबूत माध्यम है। उन्होंने प्रशिक्षार्थियों से अपने हुनर का उपयोग कर स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ने और अन्य महिलाओं को भी प्रशिक्षण देकर समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का आह्वान किया।
संस्थान के संस्थापक ताहिर हुसैन ने बताया कि संस्था का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को रोजगार से जोड़ने वाले प्रशिक्षण देकर उन्हें आर्थिक रूप से सक्षम बनाना है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी संस्थान की ओर से ऐसे रोजगारपरक कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे।
प्रशिक्षिका मोहिनी खत्री और शालू गुजराती ने तीन माह तक प्रशिक्षार्थियों को ब्यूटी पार्लर से जुड़ी विभिन्न तकनीकों और व्यावहारिक कार्यों का प्रशिक्षण दिया। वहीं मोटिवेशनल स्पीकर वासिद अली ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि सफलता के लिए मेहनत, अनुशासन, सकारात्मक सोच और लगातार सीखने की आदत जरूरी है।
- Advertisement -
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में बीकानेर के साथ-साथ हनुमानगढ़, नागौर, नोखा, लूणकरणसर और नाल क्षेत्र की कई बालिकाओं ने भाग लिया। समापन अवसर पर सभी सफल प्रशिक्षार्थियों को प्रमाण-पत्र दिए गए और डॉ. अर्पिता गुप्ता ने उन्हें मेडल पहनाकर सम्मानित किया।
डॉ. गुप्ता ने प्रतिभागियों की मेहनत, अनुशासन और सीखने की भावना की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम के अंत में संस्थान की वरिष्ठ सदस्य दुर्गा देवी ने अतिथियों, प्रशिक्षिकाओं, प्रतिभागियों और सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने महिला सशक्तिकरण और कौशल विकास से जुड़े कार्यक्रमों को आगे भी जारी रखने का संकल्प दोहराया।
