बीकानेर। जिले के नापासर थाना क्षेत्र में एक युवक के साथ मारपीट और जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि दो लोगों ने जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए उस पर लोहे के फावड़े से हमला कर दिया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोटें आईं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार खिलेरियी निवासी हजारीराम मेघवाल ने रिपोर्ट दी कि 5 जुलाई की रात करीब 11 बजे वह अपने छोटे भाई गुलाबराम के साथ बाइक से खेत की ओर जा रहा था। रास्ते में एक पिकअप वाहन खड़ा था, जिसकी हेडलाइट जल रही थी। हजारीराम ने वाहन चालक से लाइट बंद करने को कहा, जिसके बाद विवाद हो गया।
पीड़ित का आरोप है कि पिकअप में सवार राजूराम जांगू और रामस्वरूप गोदारा ने गाड़ी से उतरकर उसके साथ गाली-गलौज की और लोहे के फावड़े से हमला कर दिया। बीच-बचाव के दौरान उसके सिर पर वार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के दौरान उसके सिर में 17 टांके लगाए गए।
हजारीराम ने आरोप लगाया कि हमलावर उसकी जेब में रखे 4500 रुपये भी ले गए और जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए।
- Advertisement -
नापासर थानाधिकारी सुषमा शेखावत ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास, मारपीट और एससी/एसटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। मामले की जांच सीओ गंगाशहर हिमांशु शर्मा द्वारा की जा रही है।
