बीकानेर। राजस्थान शिक्षा विभाग ने लंबे इंतजार के बाद तबादला प्रक्रिया की शुरुआत करते हुए पहले ही चरण में करीब पांच हजार शिक्षकों और कर्मचारियों के स्थानांतरण आदेश जारी कर दिए हैं। यह आदेश मंगलवार देर रात जारी किए गए, जिनमें बड़ी संख्या में वरिष्ठ अध्यापक (ग्रेड द्वितीय), बेसिक कंप्यूटर इंस्ट्रक्टर और लाइब्रेरियन शामिल हैं।
विभाग ने स्थानांतरित कार्मिकों को निर्देश दिए हैं कि वे दस दिनों के भीतर अपने नए कार्यस्थल पर पहुंचकर कार्यभार ग्रहण करें। हालांकि कुछ श्रेणियों के कर्मचारियों को फिलहाल इस प्रक्रिया से अलग रखा गया है।
शिक्षा विभाग के अनुसार जिन शिक्षकों का नाम तबादला सूची में शामिल है लेकिन वे अभी परिवीक्षा (प्रोबेशन) अवधि में हैं, उन्हें फिलहाल नए पदस्थापन स्थल पर कार्यभार ग्रहण नहीं कराया जाएगा। इसके अलावा अनुसूचित जनजाति (ट्राइबल) क्षेत्र से गैर-ट्राइबल क्षेत्र अथवा गैर-ट्राइबल क्षेत्र से ट्राइबल क्षेत्र में किए गए तबादलों पर भी अगले आदेश तक कार्यभार ग्रहण कराने पर रोक रहेगी।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि इन श्रेणियों से जुड़े मामलों में आगे के निर्देश जारी होने तक संबंधित कर्मचारियों को यथास्थान कार्य करना होगा।
