बीकानेर। शहर में चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं और कई मामलों में अब तक आरोपियों का पता नहीं चल पाया है। ऐसा ही एक मामला जयपुर रोड स्थित स्वर्ण जयंती अशोक नगर का है, जहां एक सूने मकान से लाखों रुपये के गहने और नकदी चोरी होने के पंद्रह दिन बाद भी पुलिस को कोई ठोस सफलता नहीं मिली है।
मकान मालिक सुरेश भार्गव ने जेएनवीसी थाने में दर्ज रिपोर्ट में बताया कि 23 जून 2026 की रात उनका परिवार एक दिन के लिए सूरत गया हुआ था। इसी दौरान अज्ञात चोर मकान नंबर 59 में घुस गए और वारदात को अंजाम दिया।
अगली सुबह पड़ोसियों ने घर के दरवाजे खुले होने की सूचना दी। परिवार के लौटने पर देखा गया कि घर के भीतर का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी के ताले टूटे हुए थे। जांच के दौरान घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखने पर दो संदिग्ध घर में प्रवेश करते और चोरी के बाद बाहर निकलते दिखाई दिए।
परिजनों के अनुसार चोर अलमारी में रखे लाखों रुपये के आभूषण और करीब दो लाख रुपये नकद अपने साथ ले गए। घटना की रिपोर्ट दर्ज होने के बावजूद करीब पंद्रह दिन बीत चुके हैं, लेकिन पुलिस अभी तक आरोपियों तक नहीं पहुंच सकी है। मामले की जांच जारी है।
