बीकानेर में आरटीओ बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को प्रादेशिक परिवहन अधिकारी श्री अनिल पंड्या से मुलाकात कर परिवहन विभाग से संबंधित विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने तीन प्रमुख मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपते हुए शीघ्र समाधान की अपेक्षा जताई।
ज्ञापन में सबसे पहले ड्राइविंग लाइसेंस के लिए तैयार किए जा रहे ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक की डिजाइन पर आपत्ति दर्ज कराई गई। अधिवक्ताओं का कहना था कि वर्तमान स्वरूप हल्के व्यवसायिक वाहनों, पिकअप, कैंपर और लग्जरी वाहनों के परीक्षण के लिए उपयुक्त नहीं है। यदि बिना आवश्यक तकनीकी सुधार के ट्रैक शुरू किया गया तो कई चालक अनावश्यक रूप से असफल हो सकते हैं और दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ सकती है। उन्होंने ट्रैक का तकनीकी निरीक्षण कर आवश्यक संशोधन कराने की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने केंद्र सरकार द्वारा अनिवार्य किए गए व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस (VLTD) के कारण उत्पन्न हो रही समस्याओं का भी उल्लेख किया। उनका कहना था कि पिछले करीब दो महीनों से आवश्यक उपकरण और व्यवस्था उपलब्ध नहीं होने के कारण बीकानेर में व्यवसायिक वाहनों के नेशनल परमिट सहित कई कार्य प्रभावित हैं। इससे वाहन मालिकों और परिवहन व्यवसायियों को आर्थिक नुकसान और अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने लंबित नेशनल परमिट शीघ्र जारी करने के लिए आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।
इसके अलावा अधिवक्ताओं ने आरटीओ परिसर में बार रूम निर्माण के लिए भूमि आवंटित करने की मांग भी रखी। उनका कहना था कि प्रतिदिन बड़ी संख्या में अधिवक्ता विभागीय कार्यों के सिलसिले में कार्यालय पहुंचते हैं, लेकिन उनके बैठने और कार्य करने के लिए कोई स्थायी सुविधा उपलब्ध नहीं है। ऐसे में बार रूम के लिए शीघ्र भूमि आवंटित की जानी चाहिए।
- Advertisement -
प्रादेशिक परिवहन अधिकारी श्री अनिल पंड्या ने प्रतिनिधिमंडल की सभी मांगों को गंभीरता से सुनते हुए नियमानुसार सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर एडवोकेट हनुमान प्रसाद शर्मा, हरिराम जालप, बनवारी पी.सी. पुनिया, प्रेम विश्नोई, सुरेंद्र विश्नोई, धीरज सिडाना, तुलसा राम, दीपक पंवार सहित आरटीओ बार एसोसिएशन के कई अधिवक्ता उपस्थित रहे।
