बीकानेर। राज्य सरकार के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बीकानेर में स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 36 हजार से अधिक एनर्जी ड्रिंक के कैन जब्त किए हैं। यह कार्रवाई करणी औद्योगिक क्षेत्र में की गई, जहां खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन कर बाजार में बेचे जाने की तैयारी में रखे गए पेय पदार्थों को जब्त किया गया।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जब्त किए गए कैन कैंपा ब्रांड के कैफिनेटेड एनर्जी ड्रिंक के हैं। अधिकारियों का कहना है कि इन उत्पादों पर निर्धारित नियमों के अनुरूप आवश्यक चेतावनी और उपभोक्ता संबंधी जानकारी स्पष्ट रूप से प्रदर्शित नहीं की गई थी। ऐसे उत्पाद उपभोक्ताओं को भ्रमित करने के साथ-साथ खाद्य सुरक्षा नियमों का भी उल्लंघन करते हैं।
कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रवण कुमार और भानु प्रताप मौजूद रहे। विभागीय टीम ने मौके पर पहुंचकर बड़ी मात्रा में रखे गए कैनों को जब्त किया और आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी।
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि बाजार में स्टिंग, रेड बुल, कैंपा सहित विभिन्न कैफिनेटेड एनर्जी ड्रिंक की निगरानी की जा रही है। अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सभी उत्पाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत निर्धारित लेबलिंग और चेतावनी संबंधी नियमों का पालन करें।
- Advertisement -
अधिकारियों के अनुसार अधिक कैफीन वाले पेय पदार्थों का अत्यधिक सेवन गर्भवती महिलाओं, बच्चों और अन्य उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकता है। इसी कारण ऐसे उत्पादों पर आवश्यक स्वास्थ्य चेतावनी और जानकारी देना अनिवार्य है। विभाग ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वाले निर्माताओं और विक्रेताओं के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
