बीकानेर। खाद्य सुरक्षा विभाग ने खारा रोड स्थित वरुण बेवरेजेस लिमिटेड के गोदाम पर निरीक्षण करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण आयुक्त डॉ. टी. शुभमंगला के निर्देश पर टीम ने यहां से कैफीनेटेड बेवरेज के नमूने लिए और बड़ी मात्रा में उत्पाद सीज किए।
अभिहित अधिकारी एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुखराज साध ने बताया कि खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने स्टिंग एनर्जी और एड्रीनलीन रश एनर्जी ड्रिंक के तीन नमूने एफएसएसआई एक्ट के तहत जांच के लिए लिए हैं। कार्रवाई के दौरान कुल 28,278 बोतल और कैन को सीज किया गया।
विभाग के अनुसार, एफएसएसएआई के नियमों के तहत कैफीनेटेड बेवरेज पर ‘माइंड स्टिमुलेट्स’, ‘बॉडी एनर्जाइज’, ‘एनर्जी ड्रिंक’ और ‘स्पोर्ट्स ड्रिंक’ जैसे दावे भ्रामक प्रचार की श्रेणी में आ सकते हैं। इस संबंध में एफएसएसएआई ने कई बड़े बेवरेज ब्रांडों को नोटिस जारी कर जवाब भी मांगा है।
अधिकारियों ने बताया कि अधिक मात्रा में कैफीन वाले ऐसे पेय गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और बच्चों के लिए स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकते हैं। लिए गए सभी नमूनों को जांच के लिए जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला बीकानेर भेजा जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद नियमों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- Advertisement -
यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा अधिकारी भानु प्रताप सिंह, सुरेंद्र कुमार और राकेश गोदारा की टीम द्वारा की गई।
