बीकानेर। सीमा पार पाकिस्तान से ड्रोन के माध्यम से होने वाली अवैध गतिविधियों, हथियारों की तस्करी और नार्को-टेररिज्म को रोकने के लिए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत करने की रणनीति बनाई है। बीकानेर रेंज के आईजी ओमप्रकाश ने अधिकारियों को तस्करी में शामिल बड़े अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
आईजी ने मादक पदार्थों की तस्करी में सक्रिय माफियाओं पर एनडीपीएस एक्ट की धारा 68-एफ और पिट-एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई कर उनकी अवैध संपत्तियों को फ्रीज करने के निर्देश दिए। इसके अलावा आपराधिक गैंग्स के नेटवर्क को खत्म करने के लिए उनके अवैध निर्माणों पर कार्रवाई करने को भी कहा गया है।
इस संबंध में सोमवार को रेंज कार्यालय में बीकानेर रेंज पुलिस, सेना और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के अधिकारियों की संयुक्त समन्वय बैठक आयोजित हुई। बैठक में बॉर्डर सुरक्षा, अपराध नियंत्रण और विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के बीच खुफिया सूचनाओं के बेहतर आदान-प्रदान को लेकर चर्चा की गई।
अधिकारियों के अनुसार, बीकानेर और श्रीगंगानगर जिलों में इस साल ड्रोन के जरिए तस्करी के 17 मामले दर्ज किए गए हैं। इन मामलों में पुलिस, बीएसएफ और सेना की संयुक्त कार्रवाई से 41 अंतरराष्ट्रीय और अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। इनके कब्जे से 67 किलो से अधिक हेरोइन बरामद की जा चुकी है।
- Advertisement -
बैठक में बीएसएफ डीआईजी अजय लूथरा, बीकानेर एसपी मृदुल कच्छावा, श्रीगंगानगर एसपी हरिशंकर, हनुमानगढ़ एसपी नरेंद्र सिंह मीणा, चूरू एसपी निश्चय प्रसाद एम सहित सेना और बीएसएफ के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
