बीकानेर। पीबीएम अस्पताल की जनाना विंग में सिजेरियन डिलीवरी के बाद एक और प्रसूता की हालत गंभीर हो गई। रानीसर बास निवासी शबाना को स्थिति बिगड़ने पर ट्रॉमा आईसीयू में भर्ती कर वेंटिलेटर पर रखा गया है।
जानकारी के अनुसार प्रसव के दौरान शिशु मृत पैदा हुआ। डॉक्टरों ने बताया कि प्रसूता की बच्चेदानी फट गई थी, जिसके चलते आपात स्थिति में ऑपरेशन कर बच्चेदानी निकालनी पड़ी। इससे पहले प्रसूता को जिला अस्पताल ले जाया गया था, जहां सामान्य प्रसव कराने का प्रयास किया गया, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर सोमवार रात उसे पीबीएम अस्पताल रेफर किया गया।
बताया जा रहा है कि शबाना के पहले दो बच्चे सामान्य प्रसव से हुए थे। पीबीएम अस्पताल पहुंचने के बाद प्रसूता की गंभीर हालत को देखकर परिजन भी चिंतित हो गए।
मामले की जानकारी मिलने पर मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. सुरेंद्र वर्मा और अस्पताल अधीक्षक डॉ. बीसी घीया ट्रॉमा सेंटर पहुंचे और स्थिति की जानकारी ली। चिकित्सकों की टीम लगातार प्रसूता के स्वास्थ्य पर नजर बनाए हुए है।
