बीकानेर। जेल से रिहा होने के बाद गंभीर रूप से बीमार पड़े एक व्यक्ति की उपचार के दौरान मौत हो गई। मामले में गंगाशहर थाना पुलिस ने मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार कायम नगर निवासी नवाब अली ने रिपोर्ट में बताया कि उसका भाई रफीक अली पत्नी के भरण-पोषण से जुड़े एक मामले में जेल में बंद था। 29 जून को रिहाई के समय उसकी तबीयत काफी खराब थी, जिसके बाद परिजन उसे तुरंत पीबीएम अस्पताल लेकर पहुंचे और भर्ती कराया।
अस्पताल में इलाज के बाद 6 जुलाई को चिकित्सकों ने उसे छुट्टी दे दी। घर पहुंचने के कुछ समय बाद उसकी तबीयत फिर से बिगड़ गई। परिजन उसे दोबारा अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
गंगाशहर थाना पुलिस ने मृतक के भाई की रिपोर्ट के आधार पर मर्ग दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।
