जयपुर। हाड़ौती क्षेत्र में लंबे अंतराल के बाद मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। कोटा, बूंदी, बारां और झालावाड़ सहित कई इलाकों में बादलों की आवाजाही बढ़ने के साथ बारिश का सिलसिला शुरू हो गया है। बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे उमस और गर्मी से जूझ रहे लोगों को राहत मिली है।
मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में सक्रिय कम दबाव का क्षेत्र पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है। इसके प्रभाव से राजस्थान के पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में मानसूनी गतिविधियां तेज हो गई हैं। आने वाले दिनों में कोटा संभाग और आसपास के क्षेत्रों में अच्छी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
यह बारिश किसानों के लिए भी राहतभरी साबित हो सकती है। खरीफ फसलों की बुवाई के बाद पर्याप्त वर्षा का इंतजार कर रहे किसानों को अब खेतों में नमी बढ़ने और फसलों की बेहतर बढ़वार की उम्मीद है।
मौसम विभाग ने प्रदेश के 10 जिलों के लिए भारी से अतिभारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में अगले कुछ दिनों तक तेज बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। दूसरी ओर, बीकानेर में लगातार दूसरे दिन भी आसमान में बादल छाए रहे, लेकिन बारिश नहीं होने से उमस बरकरार रही और लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिल सकी।
