बीकानेर। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना (एनएफएसए) के तहत पात्र लाभार्थियों को समय पर खाद्यान्न उपलब्ध कराने के लिए खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। विभाग ने निर्देश जारी करते हुए अगस्त और सितंबर माह के लिए आवंटित गेहूं का वितरण भी जुलाई माह में ही सुनिश्चित करने को कहा है।
जिला रसद अधिकारी नरेश शर्मा ने बताया कि पहले जुलाई माह के आवंटित गेहूं का शत-प्रतिशत उठाव 15 जुलाई तक पूरा करने के निर्देश दिए गए थे। अब संशोधित व्यवस्था के तहत जुलाई के साथ-साथ अगस्त और सितंबर माह के गेहूं का भी वितरण किया जाएगा, ताकि लाभार्थियों को समय पर खाद्यान्न उपलब्ध हो सके।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। साथ ही उचित मूल्य की दुकानों के संचालकों को भी निर्धारित समय सीमा के भीतर गेहूं का उठाव कर पात्र उपभोक्ताओं तक वितरण सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है।
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग का उद्देश्य है कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के अंतर्गत आने वाले परिवारों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और उन्हें तीन माह का खाद्यान्न समय पर उपलब्ध कराया जा सके। विभाग ने वितरण व्यवस्था की नियमित निगरानी के भी निर्देश दिए हैं, ताकि प्रक्रिया पारदर्शी और सुचारु रूप से संचालित हो।
