बीकानेर। लूणकरणसर थाना क्षेत्र के हंसेरा गांव में घरेलू विवाद के बाद एक व्यक्ति की मौत का मामला सामने आया है। आरोप है कि विवाद के दौरान पत्नी ने पति के साथ लाठियों से मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान मूलाराम (50) पुत्र हिराराम निवासी कुन्तासर, श्रीडूंगरगढ़ के रूप में हुई है। वह पिछले कुछ समय से हंसेरा गांव में अपने ससुराल में घर-जमाई के रूप में रह रहा था। सोमवार रात करीब 9 बजे किसी बात को लेकर घर में विवाद हुआ, जिसके बाद मारपीट की घटना हुई।
घायल अवस्था में मूलाराम को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज शुरू होने से पहले ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने के बाद लूणकरणसर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवाया। पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है।
वृताधिकारी रणवीर सिंह ने बताया कि मामले की जांच जारी है और घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस ने प्रारंभिक जांच के आधार पर मृतक की पत्नी विद्या देवी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पूरे मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
