बीकानेर। शहर के सागर रोड स्थित हल्दीराम प्याऊ से बीकानेर की ओर उदासर फांटा के निकट देर रात एक तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर अनियंत्रित होकर भीषण दुर्घटना का शिकार हो गई। हादसे में दो युवकों की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का अस्पताल में इलाज जारी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार तेज गति से दौड़ रही फॉर्च्यूनर पहले सड़क पर आई एक गाय से टकराई। इसके बाद वाहन बिजली के पोल और सड़क किनारे खड़ी स्कूटी को टक्कर मारते हुए होटल के सामने कई फीट तक उछलकर पलट गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
मृतकों में एक की पहचान इंद्रा कॉलोनी निवासी पुनीत चौधरी के रूप में हुई है, जबकि दूसरे मृतक की पहचान मूल सिंह के रूप में हुई है। पुलिस उसके निवास संबंधी जानकारी जुटाने में लगी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया। तीसरे घायल का उपचार जारी है।
- Advertisement -
पुलिस को फॉर्च्यूनर से मिले दस्तावेजों और आधार कार्ड के आधार पर वाहन में सवार लोगों की पहचान की जा रही है। शुरुआती जांच में हादसे का कारण ओवरस्पीड बताया जा रहा है। पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।
