नई दिल्ली। देश के अधिकांश हिस्सों में मानसून ने पूरी रफ्तार पकड़ ली है, जिससे कई राज्यों में भारी बारिश के चलते जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। गुजरात, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में जलभराव, बाढ़ और भूस्खलन जैसी घटनाओं ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
गुजरात के मेंडरडा क्षेत्र के समधियाला गांव के निकट बाढ़ के तेज बहाव में चार वाहन फंस गए। सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंचा और अभियान चलाकर सभी 19 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया। लगातार हो रही बारिश के कारण राज्य के कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं।
महाराष्ट्र के भिवंडी में मूसलाधार बारिश के बाद बाजार क्षेत्र में करीब तीन फीट तक पानी भर गया। जलभराव के चलते कई दुकानों को अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा, जबकि स्थानीय लोग कमर तक पानी में होकर आने-जाने को मजबूर दिखे।
राजस्थान की राजधानी जयपुर में लगातार बारिश का असर सवाई मानसिंह (एसएमएस) अस्पताल पर भी पड़ा। अस्पताल के माइनर ऑपरेशन थिएटर में पानी भर जाने के कारण मरीजों को दूसरे वार्डों में स्थानांतरित करना पड़ा।
- Advertisement -
मध्य प्रदेश के भोपाल, इंदौर समेत 26 से अधिक जिलों में तेज बारिश दर्ज की गई। उज्जैन में पुलिया पार करते समय एक युवक मोटरसाइकिल सहित तेज बहाव में बह गया। प्रशासन और राहत दल उसकी तलाश में जुटे हुए हैं।
उत्तर प्रदेश के लगभग 20 जिलों में भी अच्छी बारिश हुई। कानपुर के जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज परिसर में जलभराव के कारण कई कारें और दोपहिया वाहन आधे पानी में डूब गए।
उधर, जम्मू-कश्मीर में लगातार बारिश के चलते रामनगर-उधमपुर मार्ग पर कौघा के पास भूस्खलन हो गया। सड़क पर भारी मात्रा में मलबा और बड़े पत्थर गिरने के बाद प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर मार्ग को बंद कर दिया है। सड़क को जल्द से जल्द यातायात के लिए बहाल करने का कार्य जारी है।
