श्रीगंगानगर जिले के श्रीकरणपुर में पुलिस हिरासत से चोरी के दो आरोपी कोर्ट ले जाते समय फरार हो गए। दोनों आरोपियों के भागने की घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही जिलेभर में अलर्ट जारी कर नाकाबंदी की गई, लेकिन देर शाम तक पुलिस को कोई सफलता नहीं मिल सकी।
पुलिस के अनुसार, वार्ड-18 स्थित एक दुकान में हुई चोरी के मामले में दोनों आरोपियों को बुधवार को गिरफ्तार किया गया था। गुरुवार को उन्हें अदालत में पेश करने के लिए ले जाया जा रहा था। इसी दौरान दोनों ने मौका देखकर पुलिस को चकमा दिया और फरार हो गए।
आरोपियों की तलाश में पुलिस ने श्रीकरणपुर रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और अन्य संभावित स्थानों पर सघन तलाशी अभियान चलाया। सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों को भी विभिन्न स्थानों पर तैनात किया गया। सर्कल अधिकारी पुष्पेंद्र सिंह और थाना प्रभारी सीर कौर ने रेलवे स्टेशन पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज की जांच की, लेकिन कोई अहम सुराग नहीं मिला।
तलाशी अभियान के दौरान करणपुर से श्रीगंगानगर जाने वाली ट्रेन को रेलवे स्टेशन पर लगभग 15 से 20 मिनट तक रोककर प्रत्येक डिब्बे की जांच की गई। यात्रियों से भी पूछताछ की गई, लेकिन दोनों आरोपी पुलिस के हाथ नहीं लगे। जांच पूरी होने के बाद ट्रेन को अपने गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।
