बीकानेर। राजकीय डूंगर कॉलेज में मंगलवार को छात्रहितों से जुड़ी विभिन्न मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन तेज हो गया। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) से जुड़े पांच छात्र नेता कॉलेज परिसर में स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गए, जिससे कॉलेज प्रशासन में हड़कंप मच गया।
टंकी पर चढ़ने वाले छात्रों में राकेश गोदारा, दिनेश सारण, दिनेश चौधरी, सौरभ विश्नोई और भागीरथ चौधरी शामिल थे। वहीं बड़ी संख्या में छात्र टंकी के नीचे एकत्र होकर कॉलेज प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते रहे।
प्रदर्शनकारी छात्रों ने खेल मैदान की सुविधाओं में सुधार, पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था, शैक्षणिक गतिविधियों को सुचारू बनाने, प्रोफेसरों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने सहित सात सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। उनका आरोप था कि लंबे समय से मांगें उठाने के बावजूद प्रशासन ने समस्याओं के समाधान के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया।
काफी देर तक चले प्रदर्शन के बाद कॉलेज प्रशासन और छात्र प्रतिनिधियों के बीच वार्ता हुई। प्रशासन ने मांगों पर कार्रवाई का लिखित आश्वासन दिया, जिसके बाद टंकी पर चढ़े छात्र नीचे उतर आए और स्थिति सामान्य हो गई।
- Advertisement -
छात्र नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि तय समयसीमा के भीतर उनकी मांगों का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा।
