बीकानेर के जसरासर क्षेत्र में नए शैक्षणिक सत्र के पहले ही दिन एक दर्दनाक सड़क हादसे में सात वर्षीय छात्र की मौत हो गई। करीब 45 दिन की छुट्टियों के बाद स्कूल पहुंचे शौर्य पुत्र लोकेश कुमार दोपहर में स्कूल बस से घर लौट रहा था। घर के सामने बस रुकने पर वह उतरने लगा, लेकिन उसका स्कूल बैग बस के दरवाजे की कुंडी में फंस गया। इसी दौरान चालक ने बस आगे बढ़ा दी, जिससे मासूम नीचे गिर गया और बस के पहिए की चपेट में आ गया।
बताया जा रहा है कि शौर्य अपनी बड़ी बहन खुशबू के साथ रोज स्कूल आता-जाता था। बुधवार को भी दोनों साथ लौटे थे। खुशबू पहले बस से उतर गई, जबकि शौर्य का बैग फंसने के कारण वह पूरी तरह नीचे नहीं उतर पाया। आरोप है कि चालक ने सभी बच्चों के सुरक्षित उतरने की पुष्टि किए बिना ही बस चला दी। इससे शौर्य करीब 10 से 15 मीटर तक बस के साथ घसीटता चला गया। बस में मौजूद बच्चों के शोर मचाने पर चालक ने वाहन रोका, लेकिन तब तक बच्चे की मौत हो चुकी थी।
जसरासर थाना पुलिस के अनुसार हादसे के बाद चालक बस को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने निजी स्कूल की बस को जब्त कर थाने में खड़ा कर दिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए पीबीएम अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और फरार चालक की तलाश जारी है।
