राजस्थान में मानसून की दस्तक अब बेहद करीब है। मौसम विभाग के अनुसार मानसून बुधवार को मध्य प्रदेश सीमा तक पहुंच चुका है और अगले 24 घंटों के भीतर राज्य में प्रवेश करने की संभावना है। इसके असर से कोटा, भरतपुर और जयपुर संभाग के कई इलाकों में रुक-रुककर बारिश दर्ज की गई है।
मौसम विज्ञान केंद्र, जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि पूर्वी भारत और बंगाल की खाड़ी में मानसूनी गतिविधियां तेज होने से मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। इसके चलते राज्य के पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में बारिश का दौर शुरू हो गया है। विभाग का अनुमान है कि जुलाई के शुरुआती दो सप्ताह में जयपुर सहित कई क्षेत्रों में सामान्य से अधिक वर्षा हो सकती है, जबकि इसके बाद मानसून की सक्रियता कुछ कमजोर पड़ सकती है।
मौसम विभाग ने गुरुवार के लिए प्रदेश के 25 जिलों में आंधी और बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं, राजस्थान-पाकिस्तान सीमा से लगे जिलों में गर्मी का प्रकोप अभी भी बरकरार है। जुलाई के पहले सप्ताह में भी इन इलाकों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है।
पिछले 24 घंटों के दौरान पूरे राज्य में उमस भरा मौसम रहा। जयपुर, भरतपुर, कोटा, उदयपुर, अजमेर, बीकानेर और जोधपुर संभाग के कई क्षेत्रों में लोगों को गर्मी और उमस का सामना करना पड़ा। बुधवार को सबसे अधिक तापमान श्रीगंगानगर में 44.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
