ड्रोन से हथियार तस्करी के दो फरार आरोपियों पर 25-25 हजार का इनाम
बीकानेर पुलिस ने भारत-पाकिस्तान सीमा के जरिए ड्रोन से अवैध हथियार और कारतूस की तस्करी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे दो आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए इनाम घोषित किया है। पुलिस अधीक्षक के आदेश के बाद दोनों आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।
सीमा पार ड्रोन नेटवर्क से जुड़ा मामला
पुलिस के अनुसार मामला खाजूवाला थाना क्षेत्र से जुड़ा है, जहां भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के पार से ड्रोन के माध्यम से अवैध हथियार और कारतूस गिराने (ड्रोन ड्रॉपिंग) के जरिए तस्करी किए जाने का आरोप है। इस मामले में नामजद दोनों आरोपी काफी समय से फरार चल रहे हैं।
दोनों आरोपियों पर घोषित हुआ इनाम
बीकानेर पुलिस अधीक्षक मुदृल कच्छावा द्वारा जारी आदेश के अनुसार पंजाब निवासी करण सिंह पुत्र चन सिंह तथा पंजाब के अबोहर निवासी गुरकीरत सिंह पुत्र बख्शीस सिंह की गिरफ्तारी या गिरफ्तारी में सहयोग देने वाली सूचना पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है।
पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों की तलाश लगातार जारी है और विभिन्न एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्रवाई की जा रही है।
- Advertisement -
सूचना देने वालों की पहचान रहेगी गोपनीय
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति के पास दोनों फरार आरोपियों से संबंधित कोई विश्वसनीय जानकारी हो तो वह तत्काल पुलिस को सूचित करे। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान नियमानुसार गोपनीय रखी जाएगी।
सीमावर्ती क्षेत्रों में ड्रोन के जरिए तस्करी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां लगातार निगरानी और विशेष अभियान चला रही हैं।
