बीकानेर निवासी एक यात्री की चलती ट्रेन से गिरने के बाद मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब वह परिवार के साथ धार्मिक यात्रा से लौट रहे थे। हादसे के बाद ट्रेन को चेन पुलिंग कर रोका गया और घायल को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
रेलवे पुलिस के अनुसार मृतक के साले कन्हैयालाल शर्मा ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनके जीजा भगवतीप्रसाद (50) पुत्र भंवरलाल ब्राह्मण, निवासी रिड़ी (थाना डूंगरगढ़, बीकानेर), अपने 11 वर्षीय बेटे और उनके साथ बाड़मेर–ऋषिकेश एक्सप्रेस से जसोल माता के दर्शन कर बीकानेर लौट रहे थे। तीनों की एसी-2 कोच में आरक्षित सीटें थीं।
बुधवार दोपहर करीब 1:45 बजे ट्रेन के गोटन रेलवे स्टेशन से रवाना होने के बाद भगवतीप्रसाद कोच के शौचालय की ओर गए। इसी दौरान वे अचानक चलती ट्रेन से नीचे गिर गए। घटना को देखकर यात्रियों ने तुरंत चेन पुलिंग कर ट्रेन रुकवाई।
सूचना मिलने पर रेलवे स्टाफ और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची तथा घायल को राजकीय चिकित्सालय, गोटन ले जाया गया। हालांकि, चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। रेलवे पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
