श्रीकोलायत के प्रसिद्ध कपिल सरोवर में बुधवार को एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से शव को सरोवर से बाहर निकलवाया।
पुलिस के अनुसार मृतक की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है। शव को पोस्टमार्टम और शिनाख्त की प्रक्रिया के लिए उप जिला अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया गया है।
प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि व्यक्ति की मौत कब हुई और वह सरोवर में कैसे पहुंचा। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और मृतक की पहचान कराने के प्रयास जारी हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।
