नई दिल्ली। WhatsApp जल्द ही अपने यूजर्स के लिए Username फीचर लेकर आने वाला है, जिससे नए लोगों से बातचीत शुरू करने के लिए मोबाइल नंबर साझा करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। मेटा के स्वामित्व वाले इस मैसेजिंग प्लेटफॉर्म ने 29 जून से दुनियाभर में यूजरनेम बुकिंग प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह फीचर चरणबद्ध तरीके से सभी देशों के यूजर्स तक पहुंचाया जाएगा और उपलब्ध होने पर ऐप में नोटिफिकेशन के जरिए जानकारी दी जाएगी।
पहले यूजरनेम बुक करने वालों को मिलेगा फायदा
दुनियाभर में लाखों यूजर्स एक जैसे या लोकप्रिय यूजरनेम चुनना चाहेंगे। ऐसे में जो लोग सबसे पहले अपना यूजरनेम रिजर्व करेंगे, उनके पसंदीदा नाम मिलने की संभावना अधिक होगी। WhatsApp के अधिकारियों का कहना है कि यह फीचर यूजर्स की प्राइवेसी बढ़ाने और सुरक्षित तरीके से लोगों से जुड़ने में मदद करेगा।
क्या बदलेगा नए फीचर के बाद?
यूजरनेम सेट करने के बाद कई स्थितियों में आपका मोबाइल नंबर सामने वाले व्यक्ति को दिखाई नहीं देगा। यदि कोई आपको किसी नए ग्रुप में जोड़ता है या आप पहली बार किसी नए व्यक्ति को मैसेज करते हैं, तो सामने वाला केवल आपका यूजरनेम देख सकेगा। हालांकि जिन लोगों के पास पहले से आपका मोबाइल नंबर सेव है, उनके लिए चैटिंग का तरीका पहले जैसा ही रहेगा।
यूजरनेम से जुड़े जरूरी नियम
- WhatsApp अकाउंट बनाने के लिए मोबाइल नंबर पहले की तरह अनिवार्य रहेगा।
- यूजरनेम 3 से 35 अक्षरों के बीच होना चाहिए।
- इसमें केवल छोटे अंग्रेजी अक्षर (a-z), अंक (0-9), डॉट (.) और अंडरस्कोर (_) का उपयोग किया जा सकेगा।
- प्रत्येक यूजरनेम यूनिक होगा।
- जरूरत पड़ने पर यूजरनेम को बदला, हटाया या अपडेट भी किया जा सकेगा।
यह नया फीचर खास तौर पर उन लोगों के लिए फायदेमंद होगा, जो किसी नए व्यक्ति, प्रोफेशनल नेटवर्क, स्कूल, कॉलेज, स्पोर्ट्स या अन्य सामाजिक समूहों में बातचीत करना चाहते हैं, लेकिन अपना निजी मोबाइल नंबर साझा नहीं करना चाहते। इससे WhatsApp पर चैटिंग पहले से अधिक सुरक्षित और निजी हो जाएगी।
