बीकानेर। पीबीएम अस्पताल में कथित भ्रष्टाचार और अव्यवस्थाओं को लेकर कांग्रेस द्वारा आयोजित प्रदर्शन के दौरान मंगलवार को राजनीतिक माहौल गर्मा गया। सभा में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली सहित कई वरिष्ठ नेता मंच पर मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान पूर्व मंत्री गोविंदराम मेघवाल जैसे ही संबोधन देने के लिए खड़े हुए, वैसे ही स्व. रामेश्वर डूडी के समर्थकों ने “डूडी अमर रहे” के नारे लगाने शुरू कर दिए। लगातार नारेबाजी के बीच गोविंदराम मेघवाल ने कहा कि अभी उनकी बात करने का समय नहीं है और पहले पार्टी नेतृत्व को सुनना चाहिए।
नारेबाजी जारी रहने पर पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा ने भी कार्यकर्ताओं को शांत रहने की अपील की और कहा कि मंच पर मौजूद नेताओं की बात ध्यान से सुनी जानी चाहिए। उनके हस्तक्षेप के बाद कार्यकर्ता शांत हुए और कार्यक्रम आगे बढ़ा।
अपने संबोधन में गोविंदराम मेघवाल ने पीबीएम अस्पताल की व्यवस्थाओं का मुद्दा उठाते हुए कहा कि अव्यवस्थाओं के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ता लगातार संघर्ष कर रहे हैं।
