बीकानेर। 1 जुलाई से पेट्रोल और डीजल की खरीद पर लागू सभी अस्थायी प्रतिबंध समाप्त हो जाएंगे। सरकार ने ईंधन आपूर्ति सामान्य होने के बाद यह फैसला लिया है, जिससे आम उपभोक्ताओं के साथ-साथ औद्योगिक और व्यावसायिक ग्राहकों को भी बड़ी राहत मिलेगी।
नए आदेश के अनुसार, अब पेट्रोल पंपों पर एक वाहन के लिए प्रतिदिन 200 लीटर डीजल भरवाने की सीमा खत्म कर दी गई है। इसके बाद वाहन मालिक अपनी आवश्यकता के अनुसार ईंधन खरीद सकेंगे। साथ ही, फैक्ट्रियों और अन्य कमर्शियल उपभोक्ताओं को भी अब सामान्य रिटेल पेट्रोल पंपों से सीधे पेट्रोल-डीजल खरीदने की अनुमति होगी।
सरकार ने 11 जून को संभावित ईंधन संकट और आपूर्ति पर दबाव को देखते हुए ये अस्थायी पाबंदियां लागू की थीं। उस दौरान बड़े उपभोक्ताओं को केवल बल्क सेल पॉइंट्स से ही ईंधन खरीदने की अनुमति थी। अब 29 जून को जारी आदेश के तहत इन सभी प्रतिबंधों को वापस लेने का निर्णय लिया गया है।
बताया गया कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के कारण ऊर्जा बाजार और कच्चे तेल की आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका के बीच ब्लैक मार्केटिंग, जमाखोरी और ईंधन के दुरुपयोग को रोकने के लिए यह कदम उठाया गया था। अब हालात सामान्य होने पर सरकार ने सभी प्रतिबंध हटाकर ईंधन खरीद की व्यवस्था पहले की तरह बहाल कर दी है।
