बीकानेर जिले के पूगल थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में एक 21 वर्षीय युवक की मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अज्ञात वाहन की टक्कर के बाद ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे चालक उसकी चपेट में आ गया। पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार रामसर छोटा निवासी नरपतसिंह पुत्र भानीसिंह ने रिपोर्ट में बताया कि उसका छोटा भाई सांगूसिंह (21) खेती-किसानी का कार्य करता था। 25 जून की शाम करीब सात बजे वह ट्रैक्टर लेकर रामसर छोटा स्थित सोलर प्लांट से अपने घर लौट रहा था।
रास्ते में भैरूजी मंदिर के पास सामने से तेज गति और लापरवाही से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने ट्रैक्टर को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रैक्टर सड़क पर पलट गया और सांगूसिंह उसके नीचे दब गया। हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद युवक को ट्रैक्टर के नीचे से बाहर निकाला। इसके बाद परिजनों को सूचना देकर घायल को पीबीएम अस्पताल, बीकानेर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर पूगल थाना पुलिस पीबीएम अस्पताल की मोर्चरी पहुंची और परिजनों के बयान दर्ज किए। मृतक के भाई की रिपोर्ट के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281 और 106(1) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
- Advertisement -
पुलिस का कहना है कि दुर्घटना को अंजाम देने वाले वाहन और उसके चालक की पहचान के लिए आसपास के साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। साथ ही संभावित सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी माध्यमों की भी जांच की जा रही है, ताकि आरोपी वाहन चालक का पता लगाकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा सके।
