बीकानेर। पीबीएम अस्पताल इन दिनों इलाज से ज्यादा विवादों के कारण सुर्खियों में बना हुआ है। पिछले लगभग 20 दिनों से यह मामला बीकानेर से लेकर जयपुर तक चर्चा का विषय बना हुआ है। कथित भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर कांग्रेस ने आंदोलन की तैयारी शुरू कर दी है और 30 जून को बड़े प्रदर्शन का ऐलान किया गया है।
इसी बीच शुक्रवार को एनएसयूआई कार्यकर्ता पीबीएम अस्पताल में प्रदर्शन करने पहुंचे जहां पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच तनावपूर्ण स्थिति बन गई। बताया जा रहा है कि कार्यकर्ता जूतों की माला लेकर अंदर जाने की कोशिश कर रहे थे लेकिन पुलिस ने उन्हें पहले ही रोक लिया।
इसके बाद कार्यकर्ताओं ने जब अंदर प्रवेश करने का प्रयास किया तो पुलिसकर्मियों ने उन्हें पीछे धकेल दिया जिससे धक्का-मुक्की की स्थिति उत्पन्न हो गई। इस दौरान एनएसयूआई जिला अध्यक्ष श्रीकृष्ण गोदारा की शर्ट फट गई जिसके बाद कार्यकर्ता आक्रोशित हो गए और लगातार पीबीएम प्रशासन व पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते रहे।
