बीकानेर पुलिस ने चोरी के एक मामले में कार्रवाई करते हुए एक आदतन आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मुदृल कच्छावा के निर्देशन में कोटगेट थाना प्रभारी धीरेन्द्र शेखावत की टीम ने की।
23 जून को भगवानपुरा बस्ती निवासी सुमित्रा देवी ने अपने घर में चोरी होने का मामला दर्ज कराया था। जांच के दौरान पुलिस ने नागौर निवासी सावन उर्फ लालू उर्फ लालिया पुत्र रामस्वरूप को गिरफ्तार किया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है। उसके कब्जे से करीब 17 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपी एक शातिर नकबजन (घर में सेंध लगाकर चोरी करने वाला) है और उसके खिलाफ विभिन्न थानों में पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी नशे की लत पूरी करने के लिए चोरी की वारदातों को अंजाम देता था।
