बीकानेर की युवा लेखिका अलका स्वामी की दूसरी पुस्तक ‘100 बिग क्वेश्चन’ का शुक्रवार को महेश्वरी सदन में आयोजित समारोह में औपचारिक विमोचन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा, साहित्य और चिकित्सा जगत से जुड़े कई प्रमुख व्यक्तित्वों ने भाग लिया और पुस्तक की उपयोगिता पर अपने विचार साझा किए।
विमोचन समारोह के मुख्य अतिथि बीकानेर पश्चिम विधायक जेठानंद व्यास तथा कृषि विश्वविद्यालय, कोटा की कुलगुरु प्रो. विमला मेघवाल रहे। कार्यक्रम में माध्यमिक शिक्षा विभाग, राजस्थान की वित्तीय सलाहकार डॉ. ज्योति बाला व्यास, सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज, बीकानेर के अतिरिक्त प्रधानाचार्य डॉ. नवरंग लाल महावर तथा सवाई मानसिंह मेडिकल कॉलेज, जयपुर के विभागाध्यक्ष डॉ. डी.आर. आर्य विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
लेखिका अलका स्वामी ने बताया कि उनकी नई पुस्तक को पांच प्रमुख भागों में विभाजित किया गया है। इसमें अध्यात्म, कर्म, शिक्षा, व्यवहार, सनातन विचारधारा और व्यक्तित्व विकास से जुड़े जीवन के 100 महत्वपूर्ण प्रश्नों के सरल एवं व्यावहारिक उत्तर शामिल किए गए हैं। उनका कहना है कि पुस्तक का उद्देश्य पाठकों को जीवन से जुड़े जटिल प्रश्नों पर सकारात्मक और सार्थक दृष्टिकोण प्रदान करना है।
उन्होंने बताया कि यह पुस्तक वरिष्ठ नागरिकों, युवाओं, महिलाओं और विद्यार्थियों सहित हर आयु वर्ग के पाठकों के लिए उपयोगी साबित होगी। पुस्तक में दैनिक जीवन की परिस्थितियों, आत्मचिंतन और नैतिक मूल्यों से जुड़े विषयों को सहज भाषा में प्रस्तुत किया गया है।
- Advertisement -
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रो. विमला मेघवाल ने कहा कि एक अच्छी पुस्तक किसी पुस्तकालय से कम नहीं होती। यह आने वाली पीढ़ियों को ज्ञान के साथ-साथ संस्कार भी प्रदान करती है। वहीं डॉ. ज्योति बाला व्यास ने कहा कि पुस्तक जीवन में उठने वाले अनेक आंतरिक प्रश्नों के सार्थक उत्तर देती है और सकारात्मक सोच विकसित करने में सहायक सिद्ध होगी।
समारोह का संचालन जसवंत सिंह राजपुरोहित ने किया। कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों, शिक्षाविदों, साहित्यकारों, विद्यार्थियों और बड़ी संख्या में पुस्तक प्रेमियों की उपस्थिति रही, जिन्होंने लेखिका को उनकी नई पुस्तक के लिए शुभकामनाएं दीं।
