राजकीय विद्यालयों के विकास में उल्लेखनीय योगदान देने वाले दानदाताओं और शिक्षा के क्षेत्र में समाज को प्रेरित करने वाले व्यक्तियों का जिला स्तरीय भामाशाह सम्मान समारोह 29 जून को बीकानेर में आयोजित किया जाएगा। यह समारोह जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के तत्वावधान में सुबह 11 बजे जिला परिषद सभागार में होगा, जिसमें शिक्षा और सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले समाजसेवी एवं क्यूबिशन कंसलटेंसी प्राइवेट लिमिटेड के फाउंडर प्रिंसिपल चंद्रेश हर्ष को जिला स्तरीय भामाशाह सम्मान से सम्मानित किया जाएगा।
इस सम्मान समारोह में जिले के उन 13 भामाशाहों का अभिनंदन किया जाएगा जिन्होंने विभिन्न राजकीय विद्यालयों के विकास के लिए एक लाख रुपये से लेकर 30 लाख रुपये तक का आर्थिक सहयोग प्रदान किया है। वहीं सात ऐसे प्रेरकों को भी सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने समाज के सहयोग से पांच लाख रुपये से लेकर 50 लाख रुपये तक की राशि विद्यालयों के विकास के लिए जुटाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
चंद्रेश हर्ष ने बीकानेर के कई राजकीय विद्यालयों में शिक्षा के बुनियादी संसाधनों को मजबूत करने के लिए लगातार सहयोग किया है। विशेष रूप से राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, बारह गुवाड़ और राजकीय बालिका माध्यमिक विद्यालय, हर्षों का चौक सहित अन्य विद्यालयों में आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित कराने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के साथ-साथ समाज की शिक्षा के प्रति भागीदारी बढ़ाने के लिए भी चंद्रेश हर्ष लगातार सक्रिय रहे हैं। उनके प्रयासों से अनेक विद्यालयों को आवश्यक संसाधन उपलब्ध हुए, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सका।
- Advertisement -
शिक्षा के क्षेत्र में उनकी दीर्घकालिक सेवाओं, सामाजिक प्रतिबद्धता और विद्यालयों के विकास में महत्वपूर्ण योगदान को देखते हुए इस वर्ष उन्हें जिला स्तरीय भामाशाह सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान शिक्षा के क्षेत्र में समाज की भागीदारी को प्रोत्साहित करने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
